रायपुर। परम् पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानव सेवा, सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित 5 दिवसीय निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प 2025 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर हजारों नागरिकों के लिए यह आयोजन स्वास्थ्य संजीवनी के रूप में सामने आया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह विशाल स्वास्थ्य शिविर आम जनता के लिए वरदान साबित होगा। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ राज्य अपने स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और बीते 25 वर्षों में स्वास्थ्य समेत सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही है। साथ ही राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए ₹25 लाख तक की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “हेल्थ इज वेल्थ” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है।
उन्होंने इस विशाल आयोजन के लिए विधायक श्री राजेश मूणत एवं उनकी टीम की सराहना की और कैम्प परिसर में विभिन्न स्वास्थ्य जांच स्टालों का अवलोकन भी किया।
सामाजिक उत्तरदायित्व की सशक्त मिसाल : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। बाबा गुरु घासीदास जी के “सत्य, अहिंसा और समानता” के संदेश से प्रेरित यह अभियान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि 100 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता से यह कैम्प जांच से लेकर अंतिम उपचार तक की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है।
पड़ोसी राज्यों से भी पहुंच रहे मरीज : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पर आयोजित यह स्वास्थ्य महाकुम्भ समाज के हर वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग इस शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंच रहे हैं। जिन मरीजों का इलाज शिविर में संभव नहीं होगा, उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से संबंधित संस्थानों में निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किए जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
एक छत के नीचे सभी आधुनिक जांच सुविधाएं
कार्यक्रम के आयोजक एवं विधायक श्री राजेश मूणत ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास जी के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” से प्रेरित होकर इस मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां एक ही परिसर में स्वास्थ्य की सभी प्रमुख विधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी, ईको सहित विविध जांचें और आवश्यक दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर जांच हेतु अत्याधुनिक मशीनों की विशेष व्यवस्था की गई है। एम्स रायपुर, बालाजी, रावतपुरा, गंगा डायग्नोसिस सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों और देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सक इस सेवा कार्य में योगदान दे रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम को विधायक श्री किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायकगण श्री सुनील सोनी, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू, श्री अनुज शर्मा, श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री रूप नारायण सिन्हा, एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल, वरिष्ठ चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

