महासमुंद। महासमुंद जिले के खल्लारी विधानसभा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। आंवराडबरी क्षेत्र में स्थित शराब भट्टी परिसर में एक युवक की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। घटना बीती रात की बताई जा रही है।
सुबह जब शराब दुकान के कर्मचारी भट्टी पहुंचे तो उन्होंने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत खल्लारी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला अत्यधिक शराब सेवन से मौत का लग रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि आंवराडबरी क्षेत्र में हाल ही में नई शराब भट्टी खोली गई थी। इसे लेकर स्थानीय लोगों में पहले से ही नाराजगी थी। अब शराब भट्टी परिसर में हुई इस मौत के बाद शराब नीति को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने नई शराब दुकान खुलने के बाद शराब की खपत बढ़ने की बात कही है, वहीं कुछ ने इसे समाज के लिए चिंताजनक बताया है।
यह घटना प्रशासन और समाज दोनों के लिए एक चेतावनी मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक शराब सेवन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

