मुंबई। अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया जा रहा लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसी बीच शो को उसका दूसरा करोड़पति मिल गया है। रांची के रहने वाले बिप्लव बिस्वास ने 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर यह मुकाम हासिल किया। खास बात यह रही कि बिप्लव ने चंद सेकंड में जवाब देकर न सिर्फ अमिताभ बच्चन बल्कि शो देख रहे दर्शकों को भी हैरान कर दिया।
बिप्लव बिस्वास वर्तमान में सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और उनकी पोस्टिंग छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में है। उन्होंने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड जीतकर हॉटसीट तक का सफर तय किया। हॉटसीट पर बैठते ही बिप्लव ने अमिताभ बच्चन से शो शुरू होने से पहले गले मिलने की इच्छा जाहिर की, जिसे बिग बी ने सहर्ष स्वीकार किया।
शो के दौरान बिप्लव ने जंगलों में काम करने के अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे कठिन परिस्थितियों में जवान सर्वाइव करते हैं। उन्होंने अपने साथियों के बलिदान और सेवा भावना का भी भावुक होकर जिक्र किया।
खेल की शुरुआत में बिप्लव ने 5 लाख रुपये तक के सभी सवाल बिना किसी लाइफलाइन के सही उत्तर दिए। 12.50 लाख के सवाल पर उन्होंने ऑडियंस पोल का सहारा लिया, जबकि 25 लाख के सवाल में संकेतसूचक लाइफलाइन का उपयोग किया। 50 लाख रुपये के सवाल पर उन्होंने 50-50 लाइफलाइन का इस्तेमाल किया।
इसके बाद सबसे रोमांचक पल तब आया जब 1 करोड़ रुपये का सवाल सामने रखा गया। सवाल सुनते ही बिप्लव ने कहा कि वह किसी का समय बर्बाद नहीं करना चाहते और सीधे ऑप्शन डी को अपना उत्तर चुना। उनका जवाब बिल्कुल सही निकला और कुछ ही सेकंड में उन्होंने 1 करोड़ रुपये जीत लिए। इतनी तेजी से जवाब देने पर अमिताभ बच्चन सहित स्टूडियो में मौजूद दर्शक दंग रह गए।
एक करोड़ रुपये का सवाल था – स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज का नाम क्या था? बिप्लव ने बिना किसी झिझक के उत्तर दिया – ‘इसेयर’, जो सही साबित हुआ। बिप्लव ने यह भी बताया कि उन्हें उस जहाज के स्टीयरमैन का नाम तक याद है।
बिप्लव की ज्ञान, आत्मविश्वास और सूझबूझ से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें अपने परिवार सहित घर पर डिनर के लिए आमंत्रित किया। इसके साथ ही बिप्लव को 1 करोड़ रुपये के साथ एक कार भी पुरस्कार के रूप में मिली।

