जशपुरनगर। नववर्ष की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले जशपुर जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और उन्नयन हेतु कुल 31 करोड़ 91 लाख रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।
वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांगें पूरी होने से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे जिले के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
स्वीकृत सड़कों में मुड़ापारा के एनएच-43 रोड से चर्चपारा होते हुए सुकबासुपारा तक पहुंच मार्ग के लिए 2 करोड़ 47 लाख 97 हजार रुपये, ग्राम पंचायत कछार से सरपंच बस्ती चौक पक्की सड़क से तिरसोठ तक 3 करोड़ 41 लाख रुपये, कांसाबेल के डांडपानी से खूटेरा पहुंच मार्ग के लिए 4 करोड़ 52 लाख रुपये तथा पाले पखना से जुनवाईंन पहुंच मार्ग के लिए 4 करोड़ 68 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसी तरह कांसाबेल के सेमरकछार भट्टीटोली से लपई पहुंच मार्ग के लिए 2 करोड़ 69 लाख रुपये, ग्राम पंचायत कर्रबेवरा से पखनापारा माड़ो गुफा तक पहुंच मार्ग के लिए 1 करोड़ 88 लाख रुपये, ग्राम पंचायत घरजियाबथान के ठाकुर मुड़ा से रघुनाथपुर जोड़ा तालाब मार्ग के लिए 2 करोड़ 61 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत पाकरगांव से तुरवाआमा होते हुए चौराआमा पहुंच मार्ग के लिए 2 करोड़ 61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा ग्राम पंचायत भगरपुर से भगोरा पहुंच मार्ग के लिए 4 करोड़ 60 लाख रुपये तथा अटल चौक से पंडरीपानी होते हुए तिलंगा पहुंच मार्ग के लिए 2 करोड़ 43 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इन सड़कों के निर्माण और उन्नयन से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नए साल से पहले जशपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात देकर उनकी वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है, जिससे जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

