कोरबा। युक्तियुक्तकरण के तहत ट्रांसफर होने के बावजूद कोरबा जिले में कई शिक्षक अब तक अपने अलॉटेड स्कूलों में ज्वाइनिंग नहीं ले रहे हैं। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि शिक्षकीय कार्य में मनमानी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के तहत स्थानांतरण के बाद यदि कोई शिक्षक नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के इस कड़े रुख के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
गौरतलब है कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेशभर में बड़ी संख्या में शिक्षक अब भी अपनी नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं दे रहे हैं। ज्वाइनिंग को लेकर चल रही इसी खींचतान का मामला कोरबा में भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मिडिल स्कूल के शिक्षक बोधराम निषाद पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में हुई अपनी पोस्टिंग को लेकर शिकायत लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुंचे थे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शिक्षक की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उन्हें समझाइश देते हुए नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग करने की सलाह दी। लेकिन शिक्षक अपनी बातों पर अड़ा रहा और नए विद्यालय में ज्वाइनिंग करने में असमर्थता जताता रहा। इस पर कलेक्टर का रुख सख्त हो गया और उन्होंने शिक्षक को उसी दिन शाम तक अलॉटेड स्कूल में ज्वाइनिंग देने का निर्देश दिया।
कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय तक ज्वाइनिंग नहीं की गई तो अगले दिन निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से ऐसे सभी शिक्षकों की जानकारी तलब की, जिन्होंने अब तक नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग नहीं दी है, और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दो टूक कहा कि शिक्षकीय कार्य में अनुशासनहीनता और मनमानी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के आदेश के बाद डीईओ कार्यालय द्वारा ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है, जो लगातार नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग से बचते आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में ऐसे शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।

