Oplus_16908288
रायपुर/राजनांदगांव। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियातन राजनांदगांव कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया गया।
राजनांदगांव जिला न्यायालय में धमकी मिलने के बाद करीब एक घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने कोर्ट परिसर के अंदरूनी हिस्सों, रिकॉर्ड रूम, अधिवक्ता चैंबर्स और सार्वजनिक स्थलों की बारीकी से जांच की। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है।
राजनांदगांव में मिली धमकी के बाद रायपुर जिला न्यायालय में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां भी BDS और डॉग स्क्वॉड की टीमों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर में प्रवेश और निकास को नियंत्रित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ अन्य न्यायालयों में भी एहतियाती अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस द्वारा धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

