Oplus_16908288
रायपुर। यह मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक 18 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा युवती की मां को पूछताछ के लिए थाना ले जाने की घटना से वह मानसिक रूप से घबरा गई थी। वहीं परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई और कथित प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक अमलीडीह स्थित मारुति रेसिडेंसी निवासी अमीना पटेल (18 वर्ष) ने बुधवार दोपहर करीब डेढ़ से पौने दो बजे के बीच अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मृतका के पिता महेंद्र पटेल के खिलाफ वर्ष 2022 में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज है।
बताया गया है कि उक्त मामले में महेंद्र पटेल को कोर्ट में पेश करने के लिए अब तक चार बार वारंट जारी किए जा चुके थे, लेकिन हर बार नोटिस मिलने के बाद वह फरार हो जाता था। इसी सिलसिले में मंदिर हसौद पुलिस उसकी पत्नी खिली पटेल को पति के संबंध में जानकारी लेने के लिए महिला थाना लेकर गई थी।
बताया जा रहा है कि मां को पुलिस द्वारा अपने साथ ले जाने से अमीना मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में आ गई। पुलिस के जाने के कुछ ही समय बाद उसने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अमीना को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल मेडिशाइन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमीना अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

