रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा आज नारायणपुर जिले के अतिसंवेदनशील ग्राम ओरछा पहुंचे। यहां उन्होंने नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत शामिल पंचायतों में संचालित विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों के साथ बैठक की।
इस बैठक में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ मांझी-चालकी, समाज प्रमुख, गायता, सिरहा, गुनिया, सरपंच तथा स्व सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी से आत्मीय मुलाकात की और कहा कि हिंसा के साथ विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल के हर गांव में शांति और खुशहाली लाने के लिए राज्य सरकार पूरी निष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए आवश्यक है कि माओवादी विचारधारा से प्रभावित भटके हुए युवक-युवतियां मुख्यधारा में लौटें और पुनर्वास की राह अपनाएं। उन्होंने अपील की कि ऐसे लोग अपने गांव और राज्य के विकास में सहभागी बनें, ताकि क्षेत्र में शांति, विकास और समृद्धि का वातावरण तैयार हो सके।

