रायपुर। जब गंभीर बीमारी किसी मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ने लगे और इलाज का खर्च परिवार की सामर्थ्य से बाहर हो, तब उम्मीदें टूटने लगती हैं। ऐसी ही कठिन परिस्थिति में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बालिका कृतिका निषाद के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जीवनदान बनकर सामने आई है।
गंभीर बीमारी से पीड़ित कृतिका के इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम में 16 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। जिला प्रशासन की तत्परता और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित प्रक्रिया के चलते यह सहायता समय पर उपलब्ध हो सकी, जिससे बच्ची का बेहतर इलाज संभव हुआ और परिवार को कर्ज के बोझ से राहत मिली।
राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है, जो देश की प्रमुख स्वास्थ्य सहायता योजनाओं में शामिल है। यह योजना उन जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बनी है, जिनके लिए महंगे इलाज की कल्पना करना भी कठिन होता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस योजना के अंतर्गत कैंसर, हृदय रोग, लिवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट सहित अन्य जटिल बीमारियों का इलाज कराया जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि राज्य सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि कोई भी नागरिक केवल पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। कृतिका निषाद की कहानी सरकार की इसी संवेदनशील और जनकल्याणकारी सोच की सशक्त मिसाल है।

