रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करवां और लटोरी में आयोजित कार्यक्रमों में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया।
करवां विद्यालय में 44 छात्राओं को, जबकि लटोरी विद्यालय में 102 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएं, उनके अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में साइकिल की सुविधा मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में आसानी होगी, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी और ड्रॉपआउट की समस्या में कमी आएगी।
मंत्री ने कहा कि सुशासन सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल है।

