रायपुर। लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण और दूरगामी निर्णय सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), स्टेट हाईवे, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सांसद अग्रवाल ने घोषणा की कि जून 2026 में कुम्हारी टोल प्लाजा को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इससे राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि जैसे ही दुर्ग–आरंग बायपास का संचालन प्रारंभ होगा, कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मार्च 2026 के बाद इस टोल प्लाजा से संबंधित किसी भी नए टेंडर को जारी नहीं करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2026 से भारतमाला एक्सप्रेस-वे के शुभारंभ के बाद रायपुर को आधुनिक एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यातायात व्यवस्था के साथ-साथ औद्योगिक, आर्थिक और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक में राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर कई अहम परियोजनाओं की समीक्षा की गई। कचना में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य मार्च 2026 तक पूरा करने, तेलीबांधा से जोरा ओवरब्रिज को वीआईपी रोड से एंट्री-एग्जिट देने, भनपुरी से जोरा तक रेलवे लाइन के किनारे एलिवेटेड रोड के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मुंबई–नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस-वे के रायपुर विस्तार और रायपुर से लखनादौन (सिमगा, कवर्धा होते हुए) नई सड़क कनेक्टिविटी पर कार्ययोजना बनाने, रायपुर–बलौदाबाजार–सारंगढ़ मार्ग के उन्नयन की भी समीक्षा की गई।
वीआईपी चौक और रिंग रोड पर बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए सर्विस रोड हटाने, कमल विहार सहित अन्य क्षेत्रों में ग्रेड सेपरेटर निर्माण, रिंग रोड-1 पर डीडीयू नगर के पास अंडरपास, तथा महावीर नगर से वीआईपी रोड होते हुए अमलीडीह तालाब के ऊपर पुल निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पंडरी क्षेत्र में जाम से राहत के लिए खालसा कॉलेज से मोवा तक लगभग 4.5 किलोमीटर लंबे पुल और अमलेश्वर से कुम्हारी तक खारुन नदी के किनारे सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
इसके साथ ही बलौदाबाजार क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्रियों से जुड़े भारी वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डेडीकेटेड कॉरिडोर की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि राजधानीवासियों को ट्रैफिक जाम, पार्किंग और सड़क दुर्घटनाओं से स्थायी राहत दिलाने के लिए समयबद्ध और समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित और स्वीकृत सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और आवश्यक विषयों को आगामी लोकसभा सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से रायपुर को एक आधुनिक, सुरक्षित और जाम-मुक्त राजधानी बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
बैठक में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिग्विजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपैहरी, कार्यपालन अभियंता राजीव नशीने, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के संयुक्त निदेशक विनीत नायर, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशाषी अभियंता एस.एस. मांझी, कार्यपालन अभियंता गोविंद अहिरवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

