जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कालीपुर इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा। इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्कॉर्पियो में सवार तीन युवकों की तालाब में डूबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए चार अन्य युवकों की जान बचा ली।
यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी युवक शनिवार को क्रिकेट खेलने के बाद कालीपुर से जगदलपुर लौट रहे थे। रात के समय अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे तालाब में जा गिरी। वाहन के पानी में डूबते ही अंदर बैठे युवकों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तालाब में डूबते वाहन को देखा और बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने हालात की गंभीरता को समझते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस जवानों ने स्कॉर्पियो का कांच तोड़कर वाहन में फंसे चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
हालांकि इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों को बचाया नहीं जा सका। तालाब के गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान जगदलपुर निवासी 41 वर्षीय मनीष नेवर, 33 वर्षीय शेखर और 38 वर्षीय भावेश नागे के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
पुलिस ने तीनों शवों को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी महेश्वर नाग ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।

