रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज जिला पंचायत रायपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद जिला पंचायत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वार्डवार विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उपमुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर महतारी सदन के निर्माण और वीबीजी राम जी अधिनियम से मिलने वाले लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करें, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सही तरीके से पहुंच सके।
जिला पंचायत सदस्यों द्वारा जिला पंचायत की क्षमता विकास और कक्षों के नवीनीकरण की मांग रखी गई, जिस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 25 लाख रुपये की लागत से नवीनीकरण कार्य कराए जाने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में जब कोई विकास कार्य प्रारंभ किया जाए, तो निर्माण स्थल पर संबंधित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में भूमिपूजन अवश्य कराया जाए, ताकि आम जनता को विकास कार्यों की जानकारी मिल सके।
इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिला पंचायत सदस्य को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का नियमित निरीक्षण करें, कार्य की प्रगति का आकलन करें और निर्मित आवासों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को सुनिश्चित करें।


