रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के दल को प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं तथा दो बसों को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को अन्य राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों और सफल मॉडलों की जानकारी प्राप्त होगी, जिससे छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण से पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता और निर्णय क्षमता मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह यात्रा बहुउद्देशीय है, जिसमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ संवाद, विचार-विमर्श और अनुभवों का साझा किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों के दायित्वों, नवाचारों और ग्रामीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का आदान-प्रदान भी इस भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण से प्राप्त अनुभवों को पंचायत स्तर पर लागू कर ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति दी जाएगी।

