रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर जिले के समीप हुई दर्दनाक बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस हृदयविदारक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदनाएँ प्रकट कीं और कहा कि शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता तथा घायल व्यक्तियों को ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा तत्काल दी जा रही राहत एवं बीमा आदि के माध्यम से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पतालों में इलाज की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए हरसंभव और प्रभावी कदम उठाए जाएँ।
अंत में मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।


