रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का आयोजन 23, 24 और 25 जनवरी 2026 को नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उत्सव में देश और प्रदेश के लगभग 120 प्रतिष्ठित साहित्यकार, लेखक और विचारक भाग लेंगे। इस दौरान कुल 42 साहित्यिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समकालीन सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और बौद्धिक विषयों पर चर्चा होगी।
सत्रों में भारतीय ज्ञान परंपरा, संविधान, सिनेमा और समाज, नवजागरण, छत्तीसगढ़ का साहित्य, इतिहास के संदर्भ में साहित्य और शिक्षा संस्थानों में भाषा एवं साहित्य जैसे विषय शामिल रहेंगे।
रायपुर साहित्य उत्सव–2026 छत्तीसगढ़ की बौद्धिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक सोच को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त प्रयास है, जो समाज और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का कार्य करेगा।


