मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सोमवार शाम को अभिनेता के काफिले की एक गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। अक्षय कुमार के काफिले की गाड़ी ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एयरपोर्ट से अपने जुहू स्थित घर जा रहे थे।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय अक्षय कुमार उस गाड़ी में मौजूद नहीं थे। वे काफिले की दूसरी कार में सवार थे, जिससे उन्हें कोई चोट नहीं आई।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय कुमार एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने आवास की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान उनके काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी के सामने एक ऑटो आ गया। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और सीधे अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट गाड़ी से जा टकराया। हादसे में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल ऑटो चालक का इलाज जारी
यह हादसा रात करीब 9:05 बजे मुंबई के जुहू इलाके में सिल्वर कैफे के पास हुआ। हादसे के वक्त अक्षय कुमार आगे चल रही दूसरी गाड़ी में मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद अक्षय की मैनेजर और निजी सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


