रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने बिलासपुर में स्पा संचालक से कथित वसूली के मामले में कड़ा कदम उठाते हुए एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को निलंबित कर दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान गृह मंत्री ने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा एंड वेलनेस सेंटर से जुड़ा है। स्पा संचालक ने पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल पर डराने-धमकाने और पैसों की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूर्व एएसपी के कथित स्टिंग वीडियो और व्हाट्सऐप कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बिलासपुर को सौंपी गई है, जो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेंगे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने पूर्व एएसपी का स्टिंग किया था, जिसमें कथित रूप से पैसों की मांग और धमकी से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड हुई है। लगातार दबाव के चलते वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था, जिसके बाद उसने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल प्रभाव से एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को निलंबित कर दिया। सरकार ने साफ संकेत दिया है कि कानून व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


