रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मैच की आहट के साथ ही रायपुर के होटल कारोबार में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के कारण खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, मीडिया कर्मियों और क्रिकेट प्रेमियों की बढ़ती आवाजाही ने होटल किरायों को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया है। हालात यह हैं कि सामान्य दिनों में किफायती माने जाने वाले होटल भी मैच के दौरान प्रीमियम दरों पर बुक हो रहे हैं।
22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी दोनों टीमें
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के अनुसार भारतीय टीम 22 जनवरी को दोपहर तक रायपुर पहुंचेगी। टीम इंडिया के ठहरने के लिए शहर के प्रतिष्ठित होटल कोर्टयार्ड को चुना गया है, जबकि न्यूज़ीलैंड टीम के होटल मायरा में ठहरने की संभावना है।
मैच के दिन यानी 23 जनवरी की सुबह दोनों टीमें स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस कर सकती हैं। पिच और आउटफील्ड को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। सुरक्षा कारणों से होटल से स्टेडियम तक खिलाड़ियों की आवाजाही विशेष प्रोटोकॉल के तहत होगी।
होटल किरायों में भारी उछाल
सामान्य दिनों में करीब 13 हजार रुपये प्रतिदिन में उपलब्ध रहने वाला कोर्टयार्ड होटल 22 और 23 जनवरी के लिए 30 हजार रुपये से अधिक किराया वसूल रहा है। वहीं न्यूज़ीलैंड टीम के ठहरने की संभावना वाले होटल मायरा में भी इन तारीखों के लिए कमरे का किराया 30 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा शहर के अन्य बड़े और मध्यम होटलों में भी 5 से 10 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
आम यात्रियों की जेब पर असर
स्टार खिलाड़ियों को करीब से देखने की चाह में कई प्रशंसक उन्हीं होटलों में ठहरना पसंद करते हैं, जहां टीमें रुकी होती हैं, जिससे मांग और बढ़ जाती है। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से होटल उद्योग को भले ही लाभ मिल रहा हो, लेकिन आम यात्रियों के लिए रायपुर में ठहरना महंगा साबित हो रहा है।
स्टेडियम में खाने-पीने के तय रेट
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के भीतर खाने-पीने की सभी वस्तुओं के दाम पहले से तय कर दिए गए हैं।
100 ग्राम समोसा 50 रुपये, सैंडविच 60 रुपये, बर्गर 80 रुपये, पॉपकॉर्न कोन 60 रुपये, पॉपकॉर्न टब 100 रुपये और पिज्जा 250 रुपये में मिलेगा। आइसक्रीम और वेफर्स एमआरपी पर ही उपलब्ध होंगे। पारदर्शिता के लिए फूड स्टॉल कर्मचारियों की टी-शर्ट पर रेट लिखे जाएंगे और पूरे स्टेडियम में मेन्यू बोर्ड लगाए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मैच के मद्देनजर स्टेडियम को बीसीसीआई को हैंडओवर कर दिया गया है। आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं बीसीसीआई के मानकों के अनुसार की जा रही हैं। स्टेडियम में 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स, 45 से ज्यादा CSCS अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी 13 प्रवेश द्वारों पर तिहरी सुरक्षा व्यवस्था होगी, वहीं बाउंड्री लाइन पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए जाएंगे। नया रायपुर क्षेत्र में भी सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
मैच के सभी टिकट सोल्ड आउट
भारत–न्यूज़ीलैंड टी20 मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। यही वजह है कि मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं। टिकटों की कीमत 800 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक रखी गई थी। विद्यार्थियों के लिए 800 रुपये में विशेष टिकट की व्यवस्था की गई थी। संघ ने स्पष्ट किया है कि फिजिकल टिकट के बिना एंट्री नहीं मिलेगी।
पहली पारी के बाद एंट्री पर रोक
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने साफ किया है कि पहली पारी समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मैच शाम सात बजे शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए गेट दोपहर चार बजे से खोल दिए जाएंगे।
प्रशासन भी अलर्ट
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, फायर सेफ्टी, मेडिकल सुविधा और सीसीटीवी निगरानी को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से दर्शकों तक जरूरी दिशा-निर्देश पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है।
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच यह टी20 मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक होगा, बल्कि रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए भी एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होने जा रहा है।


