कोरबा शहर के सीएसईबी कॉलोनी से चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय रिटायर्ड अधिकारी अपने परिवार के साथ मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, घर की देखरेख के लिए ताले की चाबी पड़ोसियों और रिश्तेदारों को सौंपी गई थी। जब कार्यक्रम से लौटकर परिवार घर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर आलमारी की जांच की गई, जिसमें रखे करीब 10 लाख रुपये के कीमती जेवरात गायब पाए गए।
चोरी की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि चोरी गए जेवरात रिटायर्ड अधिकारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए खरीद कर सुरक्षित रखे थे। ऐसे में यह घटना परिवार के लिए भावनात्मक और आर्थिक रूप से बड़ा झटका मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

