रायपुर। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संयुक्त परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा रखते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिनके माध्यम से “विकसित भारत” की परिकल्पना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
प्रथम प्रस्तुति में कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सरगुजा (छत्तीसगढ़) की 206 छात्राओं ने “विकसित भारत, बढ़ता भारत” थीम पर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में बस्तर और सरगुजा की माटी की खुशबू, विशेष पिछड़ी जनजातियों की पारंपरिक वेशभूषा, करमा और दमकच नृत्य, नारी शक्ति, सशक्त किसान और मजबूत जवान जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा गया। समापन अवसर पर कलाकारों ने तिरंगे के रंगों के साथ “जय जोहार, जय छत्तीसगढ़” का उद्घोष किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
द्वितीय प्रस्तुति शिवोम विद्यापीठ, सांकरा, दुर्ग के 310 विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “जयतु जयतु भारत” कार्यक्रम रहा, जिसमें भारत की प्राचीन संस्कृति, युवा ऊर्जा और राष्ट्र की एकता-अखंडता का जीवंत चित्रण किया गया। हर नृत्य और भाव-भंगिमा में विकसित भारत के सपने की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
पूरा समारोह राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना से ओत-प्रोत रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को गर्व और प्रेरणा से भर दिया।

