पेंड्रा जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। खोडरी चौकी क्षेत्र के ग्राम रानीझाप में एक विधवा महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि महिला को अर्ध नग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया और उसके साथ मारपीट की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला लगभग एक वर्ष पहले अपने पति के निधन के बाद विधवा हो गई थी। उसका गांव के ही एक 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 29 अक्टूबर को घर से भाग गए थे और मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रह रहे थे।
शुक्रवार को जब दोनों वापस गांव लौटे, तो विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद महिला और हरि प्रसाद के परिजन खोडरी चौकी पहुंचे, जहां महिला ने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जताई। पुलिस प्रक्रिया के बाद सभी लोग वापस गांव रानीझाप लौट आए।
शुक्रवार रात को महिला और हरि प्रसाद ने गांव के भुल्लन गोंड़ के घर में शरण ली थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, भाई मनोज राठौर, यशोदा राठौर सहित अन्य लोग एकत्र हुए। आरोप है कि इन लोगों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे अर्ध नग्न कर पूरे गांव में घुमाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने महिला के शरीर पर गोबर पोता और उसे पीटते हुए गांव के मुख्य मार्ग से काली मंदिर तक ले गए। इस दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अमर सिंह धुर्वे और दशरथ विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया।
ग्रामीणों ने पीड़ित महिला को कपड़े पहनाए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और घायल महिला को अपने साथ लेकर गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

