रायपुर। नवा रायपुर स्थित स्वास्थ्य भवन में आयोजित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के दूसरे दिन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बीते दो वर्षों में राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, लेकिन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अब भी यह सुनिश्चित करना है कि दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से लगातार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मंत्री जायसवाल ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन मोबाइल यूनिटों की नियमित समीक्षा की जाए और लाभार्थियों से फीडबैक लेकर सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। इसके लिए जमीनी स्तर पर सतत निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

