राजिम। राजिम कुंभ मेले से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक जमीन कारोबारी पर ठेला दुकानदार के साथ जातिगत गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के गोबरा नवापारा निवासी जमीन कारोबारी अजय तिवारी ने राजिम कुंभ मेले में एक ठेला दुकानदार के साथ बदसलूकी की। वायरल वीडियो में आरोपी दुकानदार से जबरन पहचान पत्र मांगते हुए और आपत्तिजनक जातिगत टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “ये पठान हैं, ये थूककर बेचते हैं।” बताया जा रहा है कि यह घटना 1 फरवरी की है।
मामले की शिकायत राजिम निवासी शुभम शर्मा द्वारा की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था और ठेला दुकानदार से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। इस घटना से आहत होकर उन्होंने राजिम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को अहम साक्ष्य के रूप में लिया गया है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताते हुए सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने पूछा है कि क्या कुंभ मेले में व्यापार करने के लिए किसी प्रकार की पहचान पत्र की अनिवार्यता है। साथ ही पार्टी ने दोषी पर सख्त कार्रवाई करने और कुंभ मेले में व्यापार करने वाले छोटे दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मामले में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी अपनी गाड़ी पर “सभापति नगर पंचायत राजिम” लिखा हुआ बोर्ड लगाकर घूमता था, जबकि वह गोबरा नवापारा का निवासी बताया जा रहा है। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि यह पदनाम का दुरुपयोग है या आम लोगों को भ्रमित करने की कोशिश। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

