अलीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह साइबर अपराध का शिकार हो गए हैं। एक अज्ञात साइबर अपराधी ने उनकी फेसबुक आईडी हैक कर ली, जिसके बाद न सिर्फ अकाउंट से जुड़ा ईमेल बदला गया बल्कि फेसबुक मोनिटाइजेशन से होने वाली पूरी कमाई भी अपराधी ने अपने खाते में डायवर्ट कर ली। इस घटना के सामने आने के बाद खेल जगत के साथ-साथ साइबर सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह को इस साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब उन्होंने लंबे समय बाद अपने फेसबुक अकाउंट में लॉग-इन करने का प्रयास किया। लॉग-इन न होने पर उन्होंने अकाउंट की स्थिति की जांच की, जिसमें सामने आया कि हैकर ने अकाउंट से जुड़ा ईमेल आईडी बदल दिया है। ईमेल बदल जाने के कारण रिंकू सिंह अपने ही अकाउंट तक पहुंच नहीं बना सके।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि हैकर ने फेसबुक अकाउंट से होने वाली मोनिटाइजेशन की पूरी आय को अपने बैंक या डिजिटल अकाउंट में ट्रांसफर कर लिया है। यह मामला केवल अकाउंट हैकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें वित्तीय धोखाधड़ी भी शामिल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रिंकू सिंह ने अलीगढ़ पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित साइबर अपराध का मामला प्रतीत होता है।
पुलिस के अनुसार, फेसबुक की मूल कंपनी मेटा से अकाउंट से संबंधित तकनीकी जानकारी मांगी गई है। इसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अकाउंट किस आईपी एड्रेस से लॉग-इन किया गया, ईमेल कब और कैसे बदला गया और मोनिटाइजेशन की राशि किस खाते में ट्रांसफर हुई। इन जानकारियों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि पुलिस इस साइबर अपराध को गंभीरता से ले रही है और साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

