रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत और अमेरिका के बीच हुआ अंतरिम व्यापार समझौता भारत की वैश्विक आर्थिक साख और सामर्थ्य को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस समझौते से छत्तीसगढ़ के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को अमेरिकी बाजार तक नई और व्यापक पहुँच मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समझौते से विशेष रूप से राज्य के वन-आधारित उत्पादों, हथकरघा एवं हस्तशिल्प, वस्त्र और कृषि आधारित उत्पादों के लिए निर्यात, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस व्यापारिक ढांचे में किसानों के हितों और ग्रामीण आजीविका की पूरी तरह सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। यह समझौता न केवल कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल स्थानीय उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग को सशक्त बनाएगी और मेक इन इंडिया अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता छत्तीसगढ़ के लिए नए आर्थिक अवसरों का द्वार खोलेगा और राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


