रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा इलाके में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रिंग रोड स्थित अग्रसेन चौक के पास चलती सुमो ग्रैंड में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में वाहन से तेज धुआं उठने लगा और देखते-देखते कार आग का गोला बन गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
कार में सवार सभी लोग झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं। वे रायपुर से गुजर रहे थे, तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हालात भांपते ही कार सवारों ने दरवाजे खोलकर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि सुमो ग्रैंड पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि गर्मी और लंबी यात्रा के दौरान गाड़ी की वायरिंग, इंजन और कूलिंग सिस्टम की नियमित जांच कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

