कोरबा। कोरबा जिले में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में एक जवान बेटी ने अपने ही पिता पर हंसिया से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात हरदीबाजार थाना अंतर्गत ग्राम रलिया की है। गांव निवासी अशोक निषाद अपनी पत्नी और परिवार के साथ रहते थे। उनकी 25 वर्षीय बेटी गीता निषाद लंबे समय से परिवार से अलग रहकर अपना जीवन यापन कर रही थी। पिता को बेटी के अलग रहने और उसके रहन-सहन के तौर-तरीकों पर आपत्ति थी, जिसे लेकर वे अक्सर उसे समझाइश देते रहते थे।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले गीता निषाद अपने पिता के घर आई हुई थी। इसी दौरान पिता ने एक बार फिर उसे सही रास्ते पर चलने और गलत आदतों से दूर रहने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर बेटी ने घर में रखे हंसिया से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
देर रात हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर हरदीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसिया जब्त कर ली है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है कि किस तरह पारिवारिक कलह खूनी अंजाम तक पहुंच रही है।

