मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में कोर्ट के आदेश पर उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया, जिसके बाद इंडस्ट्री में इस खबर को लेकर काफी चर्चा रही। इसी बीच अभिनेता सोनू सूद ने आगे बढ़कर राजपाल यादव को खुला समर्थन दिया है और उनके लिए बड़ी घोषणा की है।
सोनू सूद ने न सिर्फ राजपाल यादव को अपनी आने वाली फिल्म में कास्ट करने का वादा किया है, बल्कि यह भी कहा है कि वे अभी ही उन्हें साइनिंग अमाउंट देंगे। सोनू सूद ने इस मुश्किल घड़ी में राजपाल का हौसला बढ़ाते हुए अन्य प्रोड्यूसर्स और फिल्ममेकर्स से भी उन्हें सपोर्ट करने की अपील की है।
सोनू सूद ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने सालों तक इंडस्ट्री को यादगार फिल्में दी हैं। कभी-कभी जिंदगी में हालात इंसान के खिलाफ हो जाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसकी काबिलियत कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने का है।
अपने पोस्ट में सोनू सूद ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य के काम के बदले दी जाने वाली साइनिंग फीस कोई दान नहीं, बल्कि एक कलाकार के सम्मान की बात है। उन्होंने लिखा कि जब इंडस्ट्री का कोई सदस्य मुश्किल में हो, तो उसे यह एहसास दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है।
गौरतलब है कि साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी और आर्थिक तंगी के चलते वह कर्ज चुका नहीं पाए। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा और अंततः कोर्ट के आदेश पर उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा।
सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने भावुक होते हुए कहा था कि उनके पास न पैसा बचा है और न ही कोई सहारा। ऐसे में सोनू सूद का यह कदम न सिर्फ राजपाल के लिए, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए इंसानियत और एकजुटता की मिसाल बन गया है।


