बलरामपुर। वाड्रफनगर से वित्तीय अनियमितता से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बलरामपुर-रामानुजगंज जनपद पंचायत वाड्रफनगर में शासकीय राशि के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रवण कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2014-15 का है, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये की शासकीय राशि के गबन और हेराफेरी के आरोप सामने आए थे। जांच के दौरान सामने आया कि उस समय पदस्थ CEO श्रवण मरकाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शासकीय निधि का दुरुपयोग करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद मामले को आगे बढ़ाया गया।
बताया गया कि श्रवण मरकाम वर्ष 2013-14 के दौरान जनपद पंचायत वाड्रफनगर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। इसी कार्यकाल के दौरान शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई गई थी। दस्तावेजों और खातों की विस्तृत जांच के बाद उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर वाड्रफनगर पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

