रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस ने एक चौंकाने वाली कार्रवाई की है। इस बार कार्रवाई किसी आम तस्कर पर नहीं, बल्कि पुलिस विभाग में पदस्थ एक आरक्षक पर हुई है। पुलिस टीम ने आरक्षक हिमांशु बर्मन को चिट्टा की बिक्री करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।
इसी क्रम में थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक सीजी 04 पीडब्लू 1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान 34 वर्षीय आरक्षक हिमांशु बर्मन के रूप में हुई, जो वर्तमान में थाना आमानाका में पदस्थ था। तलाशी में उसके पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा लगभग एक ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब आठ हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लिंक और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी आरक्षक के खिलाफ जल्द ही निलंबन और विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

