बिलासपुर–रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के किसानों के हित में एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त प्रदान की जाएगी।
इस निर्णय के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि 25 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के अन्नदाताओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही त्योहार की खुशियां भी दोगुनी होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता भाइयों और बहनों की मुस्कान ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार केवल धान की खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और उनके सम्मान की रक्षा करना अपना दायित्व मानती है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों को आर्थिक संबल देने के साथ ही होली पर्व का उत्साह भी बढ़ाएगा।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से कुल 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत बीते दो वर्षों में किसानों को धान मूल्य अंतर की राशि के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान के बाद यह कुल राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसान प्रदेश की आत्मा और अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उनकी मेहनत और पसीने से ही राज्य की समृद्धि संभव है। राज्य सरकार किसानों की खुशहाली, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

