रायपुर। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। डॉ. सलीम राज के बयान का समर्थन करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि देश में सभी नागरिकों पर समान कानून लागू होना चाहिए और यूनिफॉर्म सिविल कोड को छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जा सकता है।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि डॉ. सलीम राज ने जो बात कही है, वह समझदारी और संवैधानिक सोच पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारत एक संविधान से चलता है और यहां रहने वाले हर नागरिक पर समान कानून लागू होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान कानूनों में जहां संशोधन की आवश्यकता है, वहां बदलाव किया जाना जरूरी है।
डॉ. सलीम राज ने अपने बयान में कहा था कि देश मुस्लिम या ईसाई रीति-रिवाजों से नहीं, बल्कि एक कानून और संविधान से चलेगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत में दो तरह के कानून नहीं होने चाहिए और मुस्लिम रीति-रिवाजों के आधार पर अलग कानून की कोई जरूरत नहीं है।
इसके साथ ही डॉ. सलीम राज ने वंदे मातरम के गायन का समय बढ़ाए जाने के फैसले को भी स्वागतयोग्य बताया। उन्होंने कहा कि देश अब मुगल या बाबर के शासन में नहीं है और तुष्टिकरण की राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है। उनका कहना था कि अब देश समानता और समान अधिकारों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
डॉ. सलीम राज के इस बयान और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के समर्थन के बाद यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक बहस और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

