कोरबा। जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे आंगन में जा घुसा। हादसे में 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहां मौजूद एक बच्चा और बुजुर्ग ससुर बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोलाराम सूर्यवंशी का मकान मुख्य सड़क से सटा हुआ है। शनिवार शाम करीब 4 बजे उनकी बड़ी बहू शशि बाई सूर्यवंशी भोजन के बाद रोज की तरह आंगन में बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर घर में घुस गया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शशि बाई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतका के पति गजपाल पेशे से चालक बताए जा रहे हैं।
घटना के समय आंगन में एक बच्चा खेल रहा था और ससुर भी मौजूद थे। गनीमत रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच निकले।
हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि मुख्य सड़क से सटे घरों के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डडसेना, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे तथा तहसीलदार अभिजीत राजभानु मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।

