बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में देर रात टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी पर हमला कर सोना-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर चौक स्थित ‘मां महालक्ष्मी’ ज्वेलरी शॉप के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर अपनी रेनॉल्ट कार से घर लौट रहे थे। सक्ती चौक से बीएसएनएल ऑफिस के बीच सुनसान इलाके में एक कार और पैशन प्रो बाइक पर सवार 3-4 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कार का दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाया। बाहर निकलते ही बदमाशों ने पिस्टल तानकर जेवर देने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। छीना-झपटी के दौरान एक बदमाश ने पिस्टल की बट और हथौड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
घायल अवस्था में ही आरोपी कार में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। भागते समय आरोपी अपनी कार (CG 10 BJ 8147) और बाइक (CG 10 P 0331) घटनास्थल पर ही छोड़ गए। संतोष तिवारी किसी तरह सरकंडा थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी।
सरकंडा पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि संतोष तिवारी पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत रह चुके हैं और बाद में नौकरी छोड़कर ज्वेलरी व्यवसाय शुरू किया था।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटनास्थल से पिस्टल की मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

