रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में सरकार धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनाने के लिए छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र्य विधेयक सदन में पेश करेगी। इसके अलावा दो अन्य महत्वपूर्ण विधेयक—छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित विधेयक—भी पेश किए जाएंगे।
सत्र के लिए अब तक 28 सौ से अधिक प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हो चुकी हैं।
बजट सत्र की प्रस्तावित कार्यवाही
स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्र की कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सत्र के पहले दिन 23 फरवरी को दिवंगत पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
- सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी।
- राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा 25 फरवरी को होगी।
- वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे बजट पेश करेंगे।
- 26 और 27 फरवरी को आय-व्यय पर सामान्य चर्चा होगी।
- 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा होगी।
विधेयक और प्रशासकीय कार्य
डॉ. सिंह ने बताया कि प्रशासकीय विधि-विषयक कार्यों के तहत तीन विधेयकों की सूचना प्राप्त हुई है:
- छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र्य विधेयक
- छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक
- अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित विधेयक
सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रश्न और प्रस्ताव
सत्र के लिए कुल 2813 प्रश्न सदस्यों की ओर से प्राप्त हुए हैं:
- 1437 तारांकित प्रश्न
- 1376 अतारांकित प्रश्न
- 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
- 13 अशासकीय संकल्प
- 9 शून्यकाल सूचनाएं
- 112 याचिकाएं
- एक सूचना नियम 139 के तहत अतिविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए

