जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही एक बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे।
यह हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
वहीं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

