रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार शाम रायपुर के बिरगांव नगर निगम में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में होली का उत्साह पहले से अधिक देखने को मिल रहा है, क्योंकि राज्य सरकार द्वारा किसानों के खातों में धान खरीदी के अंतर की राशि भेज दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और बस्तर सहित पूरे राज्य में शांति और विकास का नया दौर शुरू हो रहा है। सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक मंडली द्वारा प्रस्तुत फाग गीतों का आनंद लिया। इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा की प्रस्तुति ने भी समारोह में रंग जमा दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं पिचकारी चलाकर लोगों पर रंगों की बौछार की और नागरिकों के साथ होली की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, योगेश साहू, निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, सीआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

