रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में लोगों के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना जताते हुए इसे अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना बताया।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

