रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल करने वाली सु वैभवी अग्रवाल ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री साय ने वैभवी को मिठाई खिलाकर उनकी इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
मेहनत और संकल्प से मिली सफलता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वैभवी अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यूपीएससी में शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभवी की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि वैभवी अग्रवाल प्रशासनिक सेवा में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल के पिता शीतल अग्रवाल और भाई विनायक अग्रवाल भी उपस्थित थे।

