बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ई-चालान के फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही रेलवे के एक ट्रेन मैनेजर के खाते से महज 11 मिनट में 2.85 लाख रुपये पार हो गए। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी हुई है।
ओवरस्पीड चालान के नाम पर आया मैसेज
जानकारी के मुताबिक साईं भूमि कॉलोनी निवासी विवेक कुमार, जो बिलासपुर रेलवे कंट्रोल रूम में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, के मोबाइल पर 7 मार्च की रात करीब 8:50 बजे ओवरस्पीड के ई-चालान से जुड़ा एक मैसेज आया।
मैसेज में दिए गए लिंक पर जैसे ही उन्होंने क्लिक कर जानकारी देखने की कोशिश की, वहां कोई राशि नहीं दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने लिंक बंद कर दिया, लेकिन तब तक साइबर ठग उनके मोबाइल तक पहुंच बना चुके थे।
11 मिनट में चार ट्रांजेक्शन
अगले दिन 8 मार्च की रात 2:46 बजे ठगों ने उनके ICICI बैंक से जुड़े अमेजन पे क्रेडिट कार्ड से चार ट्रांजेक्शन कर दिए।
- ₹75,000
- ₹75,000
- ₹70,000
- ₹65,000
इस तरह कुल 2.85 लाख रुपये म्यूल खातों में ट्रांसफर कर लिए गए।
ई-मेल आईडी बदलकर किया फ्रॉड
ठगों ने चालाकी से ट्रांजेक्शन के अलर्ट से बचने के लिए पीड़ित की असली ई-मेल आईडी बदलकर अपनी फर्जी ई-मेल आईडी लिंक कर दी, जिससे किसी भी तरह का नोटिफिकेशन पीड़ित तक नहीं पहुंचा।
पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी
ठगी का पता चलते ही विवेक कुमार ने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन और तोरवा थाना में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।


