अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इसी कड़ी में अंबिकापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी देखने को मिली।
स्थिति को देखते हुए भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
दुर्ग और बलरामपुर में अफीम खेती के बाद सियासत तेज
दरअसल, हाल ही में दुर्ग और बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने अंबिकापुर में भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में अवैध अफीम की खेती और नशे का कारोबार फल-फूल रहा है।
अमरजीत भगत ने उठाए सरकार पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से नशे के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर जिले में कई एकड़ में अफीम की खेती का मामला सामने आना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

