रायपुर, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती न हो रही हो।
15 दिनों में देनी होगी जांच रिपोर्ट
मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रमाण पत्र सहित शासन को प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सभी कलेक्टरों को जारी हुआ निर्देश
मुख्यमंत्री के निर्देश के पालन में आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी किया गया है।
इसमें निर्देश दिया गया है कि जिलों में सर्वे कर जांच रिपोर्ट के साथ यह प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया जाए कि जिले में अवैध अफीम की खेती नहीं की जा रही है।

