लंदन। इंग्लैंड की क्रिकेट लीग ‘द हंड्रेड’ (The Hundred) में सनराइजर्स लीड्स द्वारा पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल करने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर फ्रेंचाइजी का आधिकारिक अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह कदम भारतीय फैंस की आलोचनाओं और बढ़ते विवाद के बीच सामने आया है।
अबरार अहमद बने विवाद का केंद्र
अबरार अहमद पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं जिन्हें भारतीय स्वामित्व वाली ‘द हंड्रेड’ टीम ने खरीदा है।
सनराइजर्स लीड्स ने उन्हें 2,55,000 अमेरिकी डॉलर में टीम में शामिल किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई भारतीय फैंस ने फ्रेंचाइजी और टीम की मालिक काव्या मारन की आलोचना शुरू कर दी।
आलोचकों का कहना है कि इस फैसले से देश की भावनाओं की अनदेखी हुई है।
टीम चयन पर कोच का बयान
टीम के कोच डेनियल विटोरी ने स्पष्ट किया कि अबरार अहमद को टीम में शामिल करने का फैसला खिलाड़ी के प्रदर्शन और टीम की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि फ्रेंचाइजी के भीतर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेने या न लेने को लेकर कोई विशेष बैठक नहीं हुई थी।
उस्मान तारिक भी ‘द हंड्रेड’ में शामिल
पुरुषों की नीलामी में अबरार अहमद के अलावा पाकिस्तानी खिलाड़ी उस्मान तारिक को भी बर्मिंघम फीनिक्स ने 1,87,000 अमेरिकी डॉलर में खरीदा है।
गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले साल ‘द हंड्रेड’ की लीड्स फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण किया था और अब इस टीम का नियंत्रण आईपीएल फ्रेंचाइजी के पास है।
चयन प्रक्रिया पर फ्रेंचाइजी का स्पष्टीकरण
नीलामी से पहले सभी आठ फ्रेंचाइजी ने स्पष्ट किया था कि खिलाड़ियों का चयन केवल प्रदर्शन, टीम की जरूरत और उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को ट्रेंट रॉकेट्स के साथ बिडिंग वॉर के बाद टीम में शामिल किया। हालांकि सोशल मीडिया विवाद और फैंस की नाराजगी के कारण अब फ्रेंचाइजी की छवि को लेकर नई चुनौतियां सामने आ गई हैं।

