रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। देवपुरी सतनाम चौक स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स में जेवर खरीदने के बहाने आए महिला और पुरुष ने दुकान संचालक को चकमा देकर करीब 4.93 लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जेवर पहनकर सहेली से पैसे लाने का बहाना
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक महिला और पुरुष दुकान में पहुंचे। उनकी पहचान कमलेश्वरी साहू और मेशराम साहू के रूप में बताई जा रही है।
दोनों ने दुकानदार से अलग-अलग डिजाइनों के जेवर दिखाने को कहा। इस दौरान महिला ने रानी हार, कान की बालियां, अंगूठी, बिछिया और पायल पहनकर देखे।
इसके बाद महिला ने दुकानदार से कहा कि वह अपनी सहेली से पैसे लेकर आती है और जेवर पहने ही दुकान से बाहर निकल गई।
देर तक वापस नहीं लौटी, तब हुआ शक
काफी देर तक महिला के वापस नहीं आने पर दुकानदार को शक हुआ। इसके बाद दुकान संचालक दुर्गा प्रसाद सोनी (58 वर्ष) ने रात करीब 10 बजे टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

