रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई है। वह श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, रायपुर एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री रायपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट में सफर करने के लिए पहुंचा था। जांच के दौरान उसने स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट और पहचान के रूप में आधार कार्ड प्रस्तुत किया।
दस्तावेजों की जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को आधार कार्ड की सत्यता पर संदेह हुआ। इसके बाद जब कार्ड की गहन जांच की गई तो पता चला कि वह फर्जी आधार कार्ड है।
जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सिंघल ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर नकली पहचान पत्र तैयार किया था। उसी फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल कर वह दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी टिकट पर रायपुर से इंदौर की यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।
मामले का खुलासा होने के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

