नई दिल्ली/चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा राजनीतिक दांव चलने की तैयारी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टी कड़गम (TVK) और बीजेपी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। यह खबर ऐसे समय सामने आई है, जब चुनाव आयोग रविवार शाम तमिलनाडु सहित पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करने वाला है।
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने विजय की पार्टी को गठबंधन में शामिल करने के लिए 80 सीटों का बड़ा ऑफर दिया है। इसके साथ ही विजय को उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि इस बातचीत में एक अन्य राज्य के उपमुख्यमंत्री के जरिए मध्यस्थता कराई जा रही है। बीजेपी की विजय में दिलचस्पी की सबसे बड़ी वजह उनकी भारी फैन फॉलोइंग मानी जा रही है।
बीजेपी के रणनीतिकारों का मानना है कि तमिलनाडु जैसे कड़े मुकाबलों वाले राज्य में 2 प्रतिशत वोटों का अंतर भी चुनाव परिणाम बदल सकता है। राज्य के चुनावी इतिहास में कई बार बहुत कम अंतर से जीत-हार का फैसला हुआ है। ऐसे में विजय का समर्थन बीजेपी के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि विजय मुख्यमंत्री पद चाहते हैं, जिसके चलते बातचीत में पेंच फंस गया है। वहीं बीजेपी के साथ गठबंधन की खबरों को लेकर विजय के करीबी सलाहकारों का मानना है कि इतनी जल्दी किसी राष्ट्रीय गठबंधन में शामिल होने से पार्टी की ‘स्वतंत्र छवि’ को नुकसान पहुंच सकता है।
विजय ने अपनी पार्टी को राज्य में ‘तीसरे विकल्प’ के रूप में पेश किया है। ऐसे में एनडीए में शामिल होने से उनकी पार्टी की साख और वह राजनीतिक नैरेटिव कमजोर पड़ सकता है, जिसके दम पर उन्होंने राजनीति में कदम रखा है।


