राजिम। गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल घटारानी धाम में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंदिर परिसर में संचालित करीब 8 से 9 दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस घटना में लगभग 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दुकानों में फैंसी सामान, प्रसादी और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री रखी हुई थी। आगामी नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने हाल ही में नया सामान भी खरीदा था, जो आग की लपटों में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकानदारों का कहना है कि आसपास के जंगल में लगी आग फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंची, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग की व्यवस्था और क्षेत्र में फायर वॉचर की कमी पर भी सवाल उठाए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और हुए नुकसान के लिए मुआवजा देने की मांग की है।

