रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में पूज्य छत्तीसगढ़ी सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित “सिंधीयत जो मेलो” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सिंधी समाज की एकजुटता और संघर्षशील परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि सिंधी समाज ने देश के इतिहास के सबसे कठिन दौर—विभाजन की विभीषिका—का भी साहसपूर्वक सामना किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन के समय सिंधी समाज के अनेक परिवारों को अपनी पुश्तैनी संपत्ति और घर-बार छोड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अपने आराध्य के प्रति आस्था और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने नई शुरुआत की और आज व्यापार और उद्यम के क्षेत्र में बड़ी पहचान बनाई है, जिससे देश की आर्थिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का माध्यम
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज को एकजुट होने का अवसर मिलता है। जब समाज संगठित और मजबूत होता है, तो राष्ट्र भी सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेलों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़कर रखना है। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई।
गौधाम योजना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत राज्य सरकार ने अधिकांश वादों को पूरा कर लिया है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में शुरू की गई गौधाम योजना का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पूरे प्रदेश में गौधाम स्थापित किए जा रहे हैं, जहां गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए हरे चारे, चिकित्सा सुविधा, काऊ कैचर, दवाइयों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और गाय से प्राप्त पंचगव्य को अमृत के समान माना जाता है, जिसका धार्मिक और सामाजिक जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को चेट्रीचंड्र पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
प्रदर्शनी स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सिंधी समाज अत्यंत मेहनतकश समाज है और ऐसे आयोजन सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम हैं।
इस कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धमतरी महापौर रामू रोहरा, छत्तीसगढ़ी सिंधी पंचायत के अध्यक्ष महेश दरयानी सहित सिंधी समाज के कई गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


