रायपुर। माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्रि मेला 2026 को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने विशेष रेल व्यवस्थाएं करने का फैसला किया है। यह मेला 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के अस्थायी ठहराव, कुछ ट्रेनों के मार्ग विस्तार और एक विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने की घोषणा की है। हर साल की तरह इस बार भी नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है।
इन ट्रेनों के मार्ग का किया गया विस्तार
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार 68742/68741 गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेन को अस्थायी रूप से रायपुर तक बढ़ाया जाएगा। वहीं 68729/68730 रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का विस्तार गोंदिया तक किया जा रहा है।
स्पेशल MEMU पैसेंजर ट्रेन भी चलेगी
नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ MEMU पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी, जिससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का भी मिलेगा ठहराव
रेलवे प्रशासन के अनुसार नवरात्रि मेले के दौरान कुछ दूरगामी एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी दिया जाएगा। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मां बम्लेश्वरी मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी।
रेलवे की इन विशेष व्यवस्थाओं से नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

